हत्या का मुकदमा दर्ज कराने को हाईवे जाम
बिछिया गांव के समीप मिला 40 वर्षीय निखिलेश चंद्र गौतम का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई के आश्वासन पर समाप्त हुआ प्रदर्शन
श्रावस्ती। विकास भवन के पास बिछिया गांव के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में 40 वर्षीय अधिवक्ता निखिलेश चंद्र गौतम का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही साथी अधिवक्ताओं में शोक के साथ आक्रोश फैल गया। अधिवक्ताओं ने मौत की परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
बताया जाता है कि अधिवक्ता निखिलेश चंद्र गौतम बिछिया गांव स्थित अपनी ससुराल में रहते थे और प्रतिदिन वहां से कचहरी आते-जाते थे। उनकी मौत की खबर मिलने पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। राष्ट्रीय अधिवक्ता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष जन्मेजय सिंह ने भी घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कराने की मांग उठाई।
हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने जिला मुख्यालय पर हाईवे जाम कर दिया। इससे कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं को समझाया। पुलिस की ओर से पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो गया।
थाना प्रभारी दुर्गेश यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




















