श्रावस्ती में अब तक 40 परीक्षा केंद्र निर्धारित, 50 विद्यालयों के प्रत्यावेदन प्राप्त; डीएम ने सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
श्रावस्ती। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को लेकर जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संदिग्ध छवि वाले और ब्लैकलिस्टेड विद्यालयों को किसी भी स्थिति में परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा।
जिले में अब तक बोर्ड परीक्षा के लिए 40 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए जा चुके हैं, जबकि 50 विद्यालयों की ओर से परीक्षा केंद्र बनाए जाने के संबंध में प्रत्यावेदन प्राप्त हुए हैं। जिलाधिकारी ने इन प्रत्यावेदनों की जांच पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, पर्याप्त मूलभूत सुविधाएं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। परीक्षार्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए केंद्रों का निर्धारण किया जाए, ताकि उन्हें परीक्षा देने में अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षार्थियों को 10 से 12 किलोमीटर से अधिक दूरी पर परीक्षा केंद्र आवंटित करने से यथासंभव बचा जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी सहित शिक्षा विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




















