82.41 करोड़ की 52 परियोजनाओं की दी सौगात
सांसद रहते शुरू की थी वनटांगिया समुदाय के साथ दीपावली मनाने की परंपरा, बोले- हमारे लिए प्रदेश की 25 करोड़ आबादी एक परिवार
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर के कुसम्ही जंगल स्थित वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन में पहुंचकर ग्रामीणों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। सांसद रहते वनटांगिया समुदाय के साथ दीपावली मनाने की शुरू की गई परंपरा को मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वह लगातार निभा रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वनटांगिया परिवारों को 82.41 करोड़ रुपये की लागत वाली 52 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 26 परियोजनाओं का शिलान्यास और 26 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने गांव में पहुंचकर लोगों से मुलाकात की और उनके साथ दीपोत्सव मनाया। उन्होंने वनटांगिया समुदाय के जीवन में आए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि अंग्रेजों के समय से ही इन परिवारों को जंगलों में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा था। लंबे समय तक उन्हें बुनियादी सुविधाओं और नागरिक अधिकारों से वंचित रहना पड़ा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2007-08 से वह लगातार वनटांगिया परिवारों के बीच आ रहे हैं और मुख्यमंत्री बनने के बाद भी यह सिलसिला जारी है।
सीएम योगी ने कहा कि अब वनटांगिया गांवों में पक्की सड़क, बिजली, पेयजल, आवास, स्कूल, राशन कार्ड और आयुष्मान भारत कार्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि पहले जहां इन गांवों में अभाव और उपेक्षा थी, वहीं अब विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। उन्होंने इसे जंगल में मंगल की संज्ञा दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों के लिए गांधी-नेहरू परिवार और कुछ के लिए सैफई परिवार ही सब कुछ है, जबकि उनके लिए उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ आबादी एक परिवार है। सरकार गरीब, दलित, वनवासी और वंचित वर्ग के लोगों को बिना जाति और क्षेत्र के भेदभाव के जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से नशे और जुए जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा तथा रोजगार पर ध्यान देने की अपील भी की।
52 परियोजनाओं पर खर्च होंगे 82.41 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने कुल 82 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत वाली 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 77 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये की लागत वाली 26 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा चार करोड़ 43 लाख 79 हजार रुपये की लागत वाली 26 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
प्रमुख परियोजनाओं में रजही चौराहे से जंगल तिकोनिया नंबर तीन होते हुए पिपराइच मार्ग तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण शामिल है। इस पर 3 करोड़ 65 लाख 11 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा कुसम्ही जंगल में 4 करोड़ 84 लाख 81 हजार रुपये की लागत से ईको पार्क विकसित किया जाएगा। इसमें स्विस कॉटेज सहित पर्यटकों के लिए विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। पिपराइच नगर पंचायत में एक करोड़ 91 लाख 51 हजार रुपये की लागत से वैश्विक नगर बाजार का निर्माण भी कराया जाएगा।
आज भीम सरोवर में ‘एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दो दिवसीय गोरखपुर दौरे के क्रम में सोमवार शाम गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित भीम सरोवर में ‘एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें मुख्यमंत्री देश की रक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों की स्मृति में दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
वनटांगिया परिवारों के साथ मुख्यमंत्री का दीपावली मनाने का सिलसिला अब एक आत्मीय परंपरा बन चुका है। इस आयोजन के माध्यम से वह समाज के वंचित वर्ग के साथ त्योहार की खुशियां साझा करने के साथ विकास और सम्मान का संदेश भी देते रहे हैं।





















