सम्मान व स्वावलंबन का पाठ पढ़ा रही पुलिस
जिले के सभी थानों में जागरूकता कार्यक्रम, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में एंटी रोमियो टीम चला रही अभियान
चंदौली। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जिले के सभी थानों की पुलिस टीमें गांवों, कस्बों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े उपायों की जानकारी दे रही हैं। अभियान के तहत एंटी रोमियो टीम भी सक्रिय रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मी महिलाओं को उनके कल्याण और सशक्तिकरण के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, पति की मृत्यु के बाद निराश्रित महिला पेंशन योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन और सखी निवास जैसी योजनाएं शामिल हैं। पुलिस टीम महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत करा रही है।
इसके साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम-2005, कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध और प्रतितोष) अधिनियम-2013, दहेज निषेध अधिनियम तथा गर्भधारण पूर्व एवं प्रसवपूर्व निदान तकनीक अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है।
अभियान के आगामी चरण में साइबर सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके तहत महिलाओं और बालिकाओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए जाएंगे। पुलिस की ओर से थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं बिना किसी झिझक के सहायता प्राप्त कर सकें।





















