सुल्तानपुर। Sultanpur के अखण्डनगर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, बेलवाई-शाहगंज मार्ग पर बेलवाई चौराहे से पहले स्थित पेट्रोल पंप के सामने दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कलान गांव निवासी शनि राजभर (22) गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. सुधीर कुमार बरनवाल ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







