लोडर और ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज
बाराबंकी। उपजिलाधिकारी अनुराग सिंह के निर्देश पर तहसील प्रशासन ने अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लोडर और मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की है। दोनों वाहनों को पुलिस की निगरानी में कोतवाली रामसनेहीघाट भेज दिया गया है।
नायब तहसीलदार उमेश द्विवेदी ने बताया कि पूरेमानी मजरा तिवारीपुर गांव में अवैध मिट्टी खनन की शिकायत मिलने पर राजस्व टीम ने मौके पर छापेमारी की। जांच के दौरान मौके पर बिना अनुमति मिट्टी का खनन किया जाना पाया गया।
उन्होंने बताया कि मौके पर पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कोई पंजीकरण संख्या अंकित नहीं थी। वाहन चालक से खनन की अनुमति और वाहन से संबंधित वैध अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका। पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया कि उसके पास मिट्टी खनन का कोई वैध परमिट नहीं है।
इसके बाद प्रशासन ने लोडर और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की तथा दोनों वाहनों को कोतवाली रामसनेहीघाट की सुपुर्दगी में भेज दिया।
नायब तहसीलदार उमेश द्विवेदी ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार अवैध खनन के विरुद्ध अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना अनुमति खनन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








