भीषण गर्मी में ग्रामीण परेशान
गौरीगंज (अमेठी)। मुसाफिरखाना क्षेत्र के सत्थिन पावर हाउस से संचालित बाजगढ़ फीडर से जुड़े दर्जनों गांवों में पिछले 24 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित है। ग्रामीणों का आरोप है कि फीडर से केवल एक फेज की बिजली मिल रही है, जिससे भीषण गर्मी के बीच लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है।
एक फेज सप्लाई के कारण पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। घरों में लगे समरसेबल पंप, पंखे और कूलर बंद पड़े हैं, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सिंचाई प्रभावित होने से खेती-किसानी का कार्य भी बाधित हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी और उमस के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की स्थिति सबसे अधिक खराब है। उनका आरोप है कि बाजगढ़ फीडर पर ओवरलोडिंग की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन बिजली विभाग ने अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित जूनियर इंजीनियर मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं की गई तो वे सत्थिन पावर हाउस पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
विभाग का पक्ष: इस संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।








