राहगीरों की बढ़ी परेशानी
सड़क किनारे उगी कांटेदार झाड़ियों से दुर्घटना का खतरा, स्थानीय लोगों ने जल्द सफाई की उठाई मांग
अमेठी। जिले के इन्हौना चौराहे से शुक्ल बाजार-रीछघाट वाया रूदौली मार्ग पर सड़क किनारे उगी जंगली बबूल, प्रोसोपिस (विलायती बबूल) और कांटेदार झाड़ियां राहगीरों एवं वाहन चालकों के लिए बड़ी समस्या बन गई हैं। झाड़ियों के सड़क तक फैल जाने से मार्ग संकरा हो गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।
बेनीगंज निवासी युवा समाजसेवी शिरीष गुप्ता ने बताया कि सड़क किनारे उगी झाड़ियां और पेड़ों की टहनियां दोपहिया वाहन चालकों के लिए सबसे अधिक खतरनाक साबित हो रही हैं। कई बार बाइक सवार इनसे टकराकर घायल हो चुके हैं। उनका कहना है कि रात के समय दृश्यता कम होने से खतरा और बढ़ जाता है।
ई-रिक्शा चालक दीपू और सराय गोपी के प्रधान जसवंत मौर्य ने बताया कि झाड़ियों के कारण छोटे वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने प्रशासन से सड़क किनारे की झाड़ियों की तत्काल कटाई कराने की मांग की।
वहीं, दलसरैया निवासी रियाज अहमद (गुड्डू), बेनीगंज के रामकुमार यादव तथा चिरैया के प्रधान संतोष कुमार सिंह चौहान ने कहा कि इसी मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक अयोध्या आते-जाते हैं। ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति और झाड़ियां यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन गई हैं।
जिला पंचायत सदस्य विकास यादव ने बताया कि इन्हौना-शुक्ल बाजार-रूदौली मार्ग अयोध्या जाने वाले प्रमुख संपर्क मार्गों में शामिल है। सड़क की पटरियों पर उगी जंगली घास और झाड़ियों के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द सफाई कराने की मांग की।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) अमेठी के जूनियर इंजीनियर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष राम सागर मौर्य ने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए उनका प्रतिनिधिमंडल जल्द ही संबंधित उच्च अधिकारियों से मुलाकात करेगा।








