रिहायशी इलाके में मकान की तीसरी मंजिल पर बोरियों में छिपाकर रखा था विस्फोटक सामान, सैयदराजा पुलिस ने दुकानदार को किया गिरफ्तार
चंदौली। दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सैयदराजा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कस्बे के वार्ड नंबर एक अम्बेडकरनगर में लाई-चूड़ा की दुकान की आड़ में संचालित किए जा रहे अवैध पटाखों के गोदाम का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 525 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। इस मामले में दुकान संचालक मनोज कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, एक नवंबर की रात करीब नौ बजे आरक्षी राजू सिंह को यक्ष ऐप के माध्यम से बीट सूचना मिली कि रामजानकी मंदिर के सामने स्थित लाई-चूड़ा की दुकान में भारी मात्रा में पटाखे छिपाकर रखे गए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुकान व मकान की तलाशी ली। इस दौरान मकान की तीसरी मंजिल पर बोरियों और गत्तों में भरकर रखे गए पटाखों का जखीरा मिला। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराने पर 39 बोरियों में कुल 525 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक, घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में बिना वैध लाइसेंस और अनुमति के सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया था। इससे किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता था और आसपास रहने वाले लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। बरामद पटाखों में चटाई बम, हवाई बम, माचिस बम, चकरी, फुलझड़ी, रॉकेट बम समेत कई प्रकार के पटाखे शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार पुत्र मोहन साव निवासी वार्ड नंबर एक, कस्बा सैयदराजा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 322/2026 के तहत बीएनएस की धारा 288 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र सहित थाने के उपनिरीक्षक और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।





















