Auraya Double Murder Case: औरैया में करीब छह साल पुराने दोहरे हत्याकांड के मामले में कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अधिवक्ता मंजिल चौबे और उनकी चचेरी बहन सुधा की हत्या के मामले में पूर्व सपा एमएलसी कमलेश पाठक समेत 10 दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। कोर्ट ने सभी दोषियों पर 50-50 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नारायणपुर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर हुए विवाद से जुड़ा है। 15 मार्च 2020 को विवाद के दौरान अधिवक्ता मंजिल चौबे और उनकी चचेरी बहन सुधा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
घटना के बाद मृतक के भाई की तहरीर पर सदर कोतवाली में नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में करीब छह साल तक कोर्ट में सुनवाई चली।
बुधवार को कोर्ट ने मामले में फैसला सुनाते हुए पूर्व सपा एमएलसी कमलेश पाठक, उनके सगे भाई और पूर्व ब्लॉक प्रमुख संतोष पाठक, छोटे भाई रानू पाठक समेत कुल 10 दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इसके साथ ही सभी दोषियों पर 50-50 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।
रिपोर्ट: विवेक विश्नोई





















