मरीज बेहाल; निजी जांच केंद्रों का लेना पड़ रहा सहारा
औरैया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल में पिछले तीन दिनों से एक्सरे मशीन खराब होने के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में रोजाना पहुंचने वाले मरीज बिना जांच कराए ही लौटने को मजबूर हैं। सबसे अधिक दिक्कत सड़क दुर्घटना में घायल, हड्डी की चोट और सीने की बीमारी से पीड़ित मरीजों को हो रही है।
अस्पताल प्रशासन ने एक्सरे कक्ष के बाहर मशीन खराब होने की सूचना चस्पा कर दी है, लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी मशीन ठीक नहीं हो सकी। इसके चलते मरीजों को निजी एक्सरे केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है, जहां जांच के लिए अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए यह स्थिति और भी कठिन हो गई है।
तीन दिन से चक्कर लगा रहा परिवार
तीमारदार शांति स्वरूप ने बताया कि वह अपनी 10 वर्षीय पुत्री राधिका के हाथ का एक्सरे कराने के लिए लगातार तीन दिनों से सीएचसी अजीतमल आ रहे हैं, लेकिन हर बार मशीन खराब मिलने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इलाज में देरी हो रही है और अब मजबूरी में निजी एक्सरे केंद्र पर जांच करानी पड़ेगी, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल
मरीजों का कहना है कि जब अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए आते हैं, तब एक्सरे जैसी आवश्यक जांच सुविधा का कई दिनों तक बंद रहना स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
जल्द बहाल होगी सेवा: अधीक्षक
सीएचसी अजीतमल के अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार राय ने बताया कि एक्सरे मशीन में तकनीकी खराबी आ गई है। मशीन को ठीक कराने के लिए टेक्नीशियन को बुलाया गया है और मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही एक्सरे सेवा बहाल कर दी जाएगी।








