अयोध्या में कांग्रेस सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोइजम से जुड़े यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। सोमवार को क्षेत्रीय मंत्री सुमन शुक्ला के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ता रिकाबगंज स्थित कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन पहुंचीं और घेराव कर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मामले पर कांग्रेस नेतृत्व से अपना रुख स्पष्ट करने और सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने आरोपों को लेकर कांग्रेस की चुप्पी पर सवाल उठाए। उनके हाथों में भाजपा के झंडे थे और वे महिला सुरक्षा, सम्मान तथा राजनीतिक जवाबदेही से जुड़े मुद्दों पर नारे लगा रही थीं। भाजपा महिला मोर्चा का कहना था कि छात्राओं की ओर से गंभीर शिकायतें सामने आने के बाद कांग्रेस नेतृत्व को इस मामले में स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान दी गई जानकारी के अनुसार, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) ने 9 अक्टूबर को आंतरिक समिति की जांच के बाद कांग्रेस सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोइजम को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया था। मामले में 11 छात्राओं की ओर से यौन उत्पीड़न संबंधी शिकायतें दर्ज कराए जाने की बात कही गई है। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने इन्हीं शिकायतों और विश्वविद्यालय की कार्रवाई का हवाला देते हुए कांग्रेस से जवाब मांगा।
क्षेत्रीय मंत्री सुमन शुक्ला ने कहा कि महिला सम्मान और सुरक्षा केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने भी ऐसे मामलों में राजनीतिक दलों से स्पष्ट रुख अपनाने की बात कही, जबकि महानगर उपाध्यक्ष रीना द्विवेदी ने महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से लेने पर जोर दिया। प्रदर्शन में अशोका द्विवेदी, अंजू पांडेय, डॉ. विजय लक्ष्मी जायसवाल, गरिमा मौर्या, प्रतिमा शुक्ला, नीता शर्मा, शारदा सोनी, ममता श्रीवास्तव, अनीता द्विवेदी, स्वर्णलता शुक्ला, सुधा पांडेय और सुनीता गुप्ता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।





















