मथुरा में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए मिशन शक्ति फेज-6.0 का शुभारंभ किया गया। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मथुरा पुलिस की ओर से महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शक्ति मार्च निकाला गया। इसके जरिए महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर मदद लेने का संदेश दिया गया।
रिजर्व पुलिस लाइन मथुरा से निकाले गए शक्ति मार्च का नेतृत्व एसपी ग्रामीण आलोक राज नारायण और आईपीएस सीओ सिटी आशना चौधरी ने किया। मार्च में महिला पुलिसकर्मियों के साथ पुलिस मॉडर्न स्कूल की छात्राओं और अन्य महिलाओं ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गठित मिशन शक्ति टीमों की ओर से भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिसकर्मी महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें कानूनी अधिकारों और सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारियां दे रहे हैं। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के साथ महिला अपराधों की रोकथाम के लिए समाज को जागरूक करना है।
अभियान के दौरान वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। मथुरा पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी तरह के उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना डर और संकोच के पुलिस से संपर्क करें। मिशन शक्ति फेज-6.0 के जरिए महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता अभियान जारी है।





















