अयोध्या के सर्किट हाउस सभागार में भाजपा महानगर की जिला बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश मंत्री एवं महानगर प्रभारी शिवभूषण सिंह ने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ ही क्षेत्र में नियमित जनसंपर्क और जनसंवाद बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में संगठन की गतिविधियों और आगामी चुनावी तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
शिवभूषण सिंह ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक मतदाता से संपर्क स्थापित करने और प्रभावशाली लोगों से संवाद कर उन्हें संगठन से जोड़ने का प्रयास करने को कहा। उन्होंने पार्टी की गतिविधियों को सोशल मीडिया के साथ सरल ऐप पर भी नियमित रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को चिह्नित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।
बैठक में बूथ स्तर पर संगठन की ओर से किए जा रहे कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कार्यकर्ताओं को बूथ बैठक के बाद मतदाता सूची का अध्ययन करने और जरूरत के अनुसार क्षेत्र में जनसंपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए संगठन की तैयारियां लगातार आगे बढ़ाई जा रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर अपनी जिम्मेदारियां निभाने और जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने की बात कही। बैठक में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल, क्षेत्रीय मंत्री काशीराम, पूर्व जिलाध्यक्ष बांके बिहारी मणि त्रिपाठी, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय समेत कई पदाधिकारी और सभी मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।





















