बहराइच। आयुष्मान भारत योजना का लाभ लेने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। अब आयुष्मान कार्ड में दर्ज गलत जानकारी को ठीक कराने के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं होगी। सरकार ने नया डाटा मैनेजमेंट पोर्टल शुरू किया है, जिसके जरिए लाभार्थी के नाम को छोड़कर अन्य जरूरी विवरणों में संशोधन कराया जा सकेगा। पिता या पति का नाम, जन्मतिथि, लिंग, मोबाइल नंबर और पता जैसी जानकारियों में हुई गलती को अब ठीक कराया जा सकता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार के मुताबिक, आयुष्मान कार्ड जारी करने के लिए पोर्टल पर दर्ज जानकारी का आधार और राशन कार्ड के विवरण से 80 फीसदी तक मिलान जरूरी होता है। कई बार पिता के नाम, उम्र या पते में मामूली अंतर होने के कारण पात्र लोगों का कार्ड नहीं बन पाता था। ऐसे में पात्र होने के बावजूद लोगों को योजना का लाभ नहीं मिल पाता था। नए पोर्टल से इन छोटी-छोटी तकनीकी खामियों को दूर करने का रास्ता साफ हुआ है।
बहराइच में अब तक आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 10.65 लाख से अधिक लाभार्थियों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। जिन पात्र लोगों के कार्ड में किसी तरह की गलती है, वे नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल या सीएमओ कार्यालय स्थित आयुष्मान हेल्प डेस्क पर संपर्क कर सकते हैं। संशोधन के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ ले जाना होगा। ऑपरेटर पोर्टल पर जानकारी दर्ज कर संशोधन की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि लाभार्थी के मूल नाम में बदलाव की अनुमति नहीं होगी, लेकिन अन्य विवरणों को आधार के अनुसार अपडेट किया जा सकता है। मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि इस सुविधा की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाए। मकसद साफ है कि सिर्फ कागजों में हुई छोटी सी गलती की वजह से कोई पात्र परिवार 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा से वंचित न रह जाए।




















