बहराइच: जिले के खैरीघाट थाना क्षेत्र में लोकिहा मोड़ के पास मंगलवार रात करीब 10 बजे पिकअप और मिनी ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए, जबकि पिकअप चालक के दोनों पैर टूटने की जानकारी सामने आई है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मिनी ट्रक संख्या यूपी 40 सीटी 5387 बेहड़ा की ओर से नानपारा जा रहा था। वहीं, छोटा हाथी (पिकअप) संख्या यूपी 40 बीटी 3680 नानपारा से बेहड़ा की ओर जा रहा था। लोकिहा मोड़ के पास दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में छोटा हाथी चालक राजेंद्र कुमार, निवासी खैरा बाजार, गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में उनके दोनों पैर टूट गए हैं। वहीं, मिनी ट्रक चालक राहुल कुमार, निवासी नानपारा, को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही खैरीघाट पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी नानपारा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि दोनों घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।






















