जिले में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। मटेरा थाना क्षेत्र में बिलवा नहर मोड़ के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार बदमाश की पहचान शहर के शेख दाहिर निवासी तूफान के रूप में हुई है। आरोप है कि तूफान ने अपने साथी के साथ मिलकर बीते एक सितंबर को एक महिला के गले से मंगलसूत्र लूट लिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए थे।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की बाइक भी पलट गई। गोली लगने के बाद घायल बदमाश के सड़क पर गिरने से मौके पर खून बिखरा नजर आया। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लूट की वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक चोरी की थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश तूफान के खिलाफ पहले से करीब एक दर्जन चोरी के मुकदमे दर्ज हैं और वह कई मामलों में वांछित चल रहा था।
मटेरा पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बदमाश को घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फरार दूसरे बदमाश की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मुठभेड़ और गिरफ्तारी को लेकर बहराइच के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने जानकारी दी।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव






















