बहराइच के सुजौली थाना क्षेत्र के चफरिया ग्राम पंचायत स्थित मोहकम पुरवा में माइनर नहर में डूबने से 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान नान्हू पुत्र पराग के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी नंदनी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, नान्हू अपने पालतू मवेशियों को चराने गए थे। इसी दौरान वह शौच के लिए माइनर नहर की ओर गए, जहां कथित तौर पर पैर फिसलने से पानी में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नहर में उनका शव दिखाई दिया, जिसके बाद परिवार के लोगों में मातम छा गया।
नान्हू के दो बेटे रामनरेश और मुनीराम हैं, जो रोजी-रोटी के सिलसिले में घर से बाहर रहते हैं। बड़े बेटे रामनरेश की शादी हो चुकी है। परिवार की देखभाल की जिम्मेदारी नान्हू पर ही थी। ऐसे में उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी नंदनी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना ग्राम प्रधान अजीज को दी गई, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे और सुजौली थाना पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक कुश कुमार, उपनिरीक्षक सुमित कुमार और कांस्टेबल फिरोज मौके पर पहुंचे। घटना के बाद गांव में शोक व्याप्त है। पुलिस की आगे की कार्रवाई और शव के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।





















