बाराबंकी। सफेदाबाद रेलवे स्टेशन के पास बन रहे जिले के पहले रेलवे अंडरपास 182C का निर्माण महीनों से बंद पड़ा है। करीब 14 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को अगस्त 2026 के अंत तक पूरा किया जाना था, लेकिन समय सीमा नजदीक आने के बावजूद मौके पर काम ठप है। इससे नाराज सैकड़ों ग्रामीण सोमवार को बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया के आवास पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि अंडरपास के निर्माण के लिए मौके पर पहुंचाई गई सामग्री लंबे समय से खुले में पड़ी है। बारिश के कारण इसके खराब होने की आशंका है। वहीं, निर्माण कार्य रुकने से आसपास के लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने कहा कि अगर समय पर काम शुरू नहीं हुआ तो अंडरपास की परियोजना और लंबी खिंच सकती है, जिससे क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें बढ़ेंगी।
ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद सांसद तनुज पुनिया ने रेलवे बोर्ड, दिल्ली के अधिकारियों से फोन पर बात की। उन्होंने निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने को लेकर अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों से भी बातचीत की। सांसद ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि अंडरपास का काम जल्द शुरू कराने के लिए आवश्यक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
हालांकि, आश्वासन के बाद भी ग्रामीणों की नाराजगी पूरी तरह खत्म नहीं हुई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे डीआरएम कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करेंगे। उनका कहना है कि करीब 14 करोड़ रुपये की इस परियोजना में देरी से जहां निर्माण सामग्री के खराब होने का खतरा है, वहीं क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है।





















