पति-पत्नी और छह वर्षीय बेटा घायल
बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटवा क्षेत्र के सनाकापुर मोड़ के पास बुधवार को एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपति और उनका छह वर्षीय बेटा घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, भोला (45), उनकी पत्नी अनीता (40) और पुत्र रोहित (6) निवासी लखनऊ बाइक से टिकैतनगर में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सनाकापुर मोड़ के पास पीछे से तेज गति से आए ई-रिक्शा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद भोला की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि अनीता और रोहित का उपचार सीएचसी में जारी है।
पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।








