1100 पौधे लगाने का लक्ष्य
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश सरकार एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत सौरभ शिक्षा सदन हाई स्कूल, देवीगंज चौराहा, सूरजपुर में पौध वितरण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के प्रथम चरण में शुक्रवार को 255 पौधों का वितरण किया गया, जबकि विद्यालय ने इस वर्ष 1100 पौधों के रोपण एवं संरक्षण का लक्ष्य निर्धारित किया है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश चंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों से पौधों को उचित स्थान पर रोपित करने, उनकी नियमित देखभाल करने और पौधरोपण के बाद उसका फोटो विद्यालय के व्हाट्सएप समूह में साझा करने का आग्रह किया गया, ताकि प्रत्येक पौधे के रोपण और संरक्षण का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।
विद्यालय परिवार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। यदि प्रत्येक विद्यार्थी एक पौधे को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखे, तो हरित और स्वच्छ समाज का सपना साकार हो सकता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जगदीश कुमार शुक्ल, रमेश चंद शुक्ल, नन्हे लाल, शिवनाथ यादव, सौरभ शुक्ल, अनिरुद्ध मिश्रा, पवन कुमार अवस्थी और वैभव जायसवाल का विशेष योगदान रहा। वहीं श्रीमती किरण शुक्ल, सुहानी, सोनाली, वंदना, शालिनी, शिवानी और अंशी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों से भी अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर पर्यावरण संरक्षण अभियान में सहभागी बनने की अपील की।





















