चंदा जुटाकर शुरू कराई संपर्क मार्ग की मरम्मत
प्रशासन से शिकायत के बावजूद नहीं हुआ समाधान, ग्रामीण बोले—पक्की सड़क बनने तक गांव में नहीं घुसने देंगे प्रधान
बाराबंकी। विकास खंड बनीकोडर क्षेत्र की ग्राम पंचायत छंदवल के ग्राम पूरेकोट में जर्जर संपर्क मार्ग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। अयोध्या-लखनऊ संपर्क मार्ग से गांव को जोड़ने वाली सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। लंबे समय तक प्रशासन से शिकायतों के बावजूद समाधान न होने पर ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से चंदा जुटाकर स्वयं सड़क की मरम्मत शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने बताया कि यह संपर्क मार्ग गांव के सैकड़ों लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों के लिए भी मुख्य आवागमन का रास्ता है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं और बारिश के दौरान कीचड़ व जलभराव के कारण आए दिन लोग फिसलकर घायल हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए कई बार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव और खंड विकास अधिकारी से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन से निराश होकर ग्रामीणों ने स्वयं जिम्मेदारी उठाई और चंदा इकट्ठा कर फावड़े से गड्ढों में मिट्टी डालकर सड़क को आवागमन योग्य बनाने का कार्य शुरू कर दिया।
विरोध प्रदर्शन में ननकु, पुरुषोत्तम, मुकेश कुमार, पृथ्वी पाल, गुरुदीन, शिव शंकर, आकाश रावत, शलेश, जय सिंह, सुमन देवी, आरती देवी, रेनु देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक संपर्क मार्ग का स्थायी और पक्का निर्माण नहीं कराया जाता, तब तक ग्राम प्रधान को गांव में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी शुभम बरनवाल ने बताया कि उन्हें सड़क की समस्या की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि जल्द ही मौके पर जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।







