24 घंटे में 12 सेंटीमीटर बढ़ा जलस्तर, तटीय इलाकों में तेज हुई कटान; प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी
उन्नाव। शुक्लागंज में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सोमवार शाम तक गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से मात्र 97 सेंटीमीटर नीचे पहुंच गया, जिससे तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। बढ़ते जलस्तर के साथ कई स्थानों पर कटान भी तेज हो गई है और प्रशासन ने हालात पर कड़ी नजर रखनी शुरू कर दी है।
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, रविवार शाम छह बजे गंगा नदी का जलस्तर 110.910 मीटर दर्ज किया गया था, जो अगले 24 घंटे में बढ़कर सोमवार शाम छह बजे 111.030 मीटर हो गया। इस दौरान जलस्तर में 12 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई।
शुक्लागंज में गंगा का चेतावनी बिंदु 112 मीटर और खतरे का निशान 113 मीटर निर्धारित है। मौजूदा स्थिति में नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर से केवल 97 सेंटीमीटर नीचे है। आयोग के अनुसार, आने वाले दिनों में जलस्तर में और वृद्धि होने की संभावना है।
विशेषज्ञों के मुताबिक नरौरा और हरिद्वार बैराज से पानी छोड़े जाने तथा पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है।
जलस्तर बढ़ने के कारण बालू घाट, मनोहर नगर, इंदिरा नगर, शक्ति नगर, रविदास नगर और गंगा कटरी क्षेत्र में कटान शुरू हो गई है। कटान से तटवर्ती क्षेत्रों के लोगों में भय का माहौल है और उन्हें अपनी गृहस्थी उजड़ने की चिंता सताने लगी है।
लेखपाल प्रशांत अवस्थी ने बताया कि प्रशासन बढ़ते जलस्तर पर लगातार निगरानी बनाए हुए है। तटीय क्षेत्रों के लोगों को पहले ही सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है।







