46 किलो फलियां बरामद
बाराबंकी। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को अवैध अफीम की खेती के खिलाफ अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान करीब तीन बीघा क्षेत्र में उगाई गई अवैध अफीम की फसल को ट्रैक्टर से जुतवाकर नष्ट कर दिया गया।
नायब तहसीलदार उमेश द्विवेदी और आबकारी निरीक्षक के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने मऊगोपुर, गोरपुर और अहमदपुर देवकली गांवों में जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान मऊगोपुर और अहमदपुर देवकली से करीब 22 किलोग्राम, जबकि गोरपुर गांव से लगभग 24 किलोग्राम अफीम की फलियां बरामद की गईं।
संयुक्त टीम ने किसानों द्वारा की जा रही अवैध अफीम की खेती को मौके पर ही ट्रैक्टर से जुतवाकर नष्ट करा दिया। बरामद अफीम की फलियों को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अवैध खेती करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








