7 वर्षीय छात्र की मौत के बाद जांच के आदेश
बाराबंकी। जिले के हैदरगढ़ क्षेत्र स्थित सहावर प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले 7 वर्षीय छात्र अंशु की कथित तौर पर सांप के काटने के बाद मौत हो गई। परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बच्चे ने स्कूल में शिक्षामित्र को बताया था कि उसे सांप ने काट लिया है, लेकिन उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है।
परिजनों के अनुसार, सोमवार को स्कूल परिसर में बने शौचालय में जाने के दौरान अंशु को कथित रूप से जहरीले सांप ने काट लिया। घबराया हुआ बच्चा तुरंत शिक्षामित्र के पास पहुंचा और बताया कि उसे सांप ने डंस लिया है। आरोप है कि उसकी बात को नजरअंदाज करते हुए उसे डांटकर वापस कक्षा में बैठा दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि करीब साढ़े तीन घंटे तक बच्चे को कोई चिकित्सकीय सहायता नहीं दिलाई गई। इस दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और बाद में उसके मुंह से झाग निकलने लगे। इसके बाद स्कूल की ओर से परिजनों को सूचना दी गई। परिजन उसे तत्काल हैदरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सीएचसी परिसर में शव रखकर प्रदर्शन किया और हेडमास्टर तथा शिक्षामित्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। मृतक छात्र के सहपाठियों ने भी शिक्षामित्र पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने अपर जिलाधिकारी (एडीएम), अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) और बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) की तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की है। वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ने हेडमास्टर और शिक्षामित्र के विरुद्ध कार्रवाई एवं निलंबन की संस्तुति बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेज दी है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने बताया कि घटना अत्यंत दुखद है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच समिति गठित कर दी गई है और जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।






