श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
बाराबंकी। कोठी थाना क्षेत्र के सैदपुर पोरई स्थित प्राचीन नाग देवता मंदिर में आयोजित पारंपरिक मेले का शुभारंभ मंगलवार को श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उत्साह के बीच हुआ। मेले के पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और नाग देवता का विधि-विधान से पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि, क्षेत्र की खुशहाली और शांति की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार रहा।
मेला समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि यह मेला वर्षों पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
मेले के शुभारंभ अवसर पर हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत, भाजपा जिला मंत्री बृजेश रावत, पूर्व प्रत्याशी अमरीश रावत तथा भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री आशुतोष तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने नाग देवता के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में मेला समिति के अध्यक्ष राम मनोज मिश्रा, प्रबंधक राजकुमार मिश्रा, पुजारी उमेश मिश्रा, कोषाध्यक्ष अभिषेक निगम, महामंत्री देवेंद्र मिश्रा, सचिव उत्तम मिश्रा, सलाहकार संतोष कुमार शास्त्री तथा खाद एवं रसद राज्यमंत्री सतीश चन्द्र शर्मा सहित समिति के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
मेले के शुभारंभ के साथ ही विभिन्न दुकानों, खानपान के स्टॉल और मनोरंजन के साधनों पर भी लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से मेले में सहभागिता करने तथा प्रशासन और समिति का सहयोग बनाए रखने की अपील की






