भूजल सप्ताह के तहत 22 जुलाई तक जिलेभर में जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन पर चलेंगे जागरूकता अभियान
संतकबीरनगर। भूजल सप्ताह (16 से 22 जुलाई) के तहत शनिवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर से भूजल संरक्षण जन-जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता वाहन जिलेभर में भ्रमण कर लोगों को जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और भूजल संवर्धन के प्रति जागरूक करेगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि भूजल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जन-जन का अभियान है। उन्होंने कहा कि यदि अभी से जल संरक्षण के प्रभावी उपाय नहीं अपनाए गए तो भविष्य में गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने लोगों से वर्षा जल संचयन अपनाने, तालाबों, नदियों और अन्य जलाशयों को स्वच्छ रखने, अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा भूजल के अनावश्यक दोहन को रोकने की अपील की। उन्होंने कहा कि “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई भी विकल्प” केवल एक नारा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है।
जिलाधिकारी ने बताया कि भूजल सप्ताह के दौरान स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों, विकासखंडों, नगर निकायों और जनपद स्तर पर जल संरक्षण से संबंधित विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों का उद्देश्य आमजन में जल बचाने की आदत विकसित करना और भूजल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चन्द्रेश कुमार सिंह, सहायक अभियंता (लघु सिंचाई), वरिष्ठ हाइड्रोलॉजिस्ट (भूगर्भ जल विभाग) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







