गांधी आश्रम से सीएचसी तक 16.88 लाख रुपये की लागत से बन रही 390 मीटर नाली का किया निरीक्षण
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने शनिवार को विकासखंड नाथनगर में गांधी आश्रम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तक सड़क किनारे निर्माणाधीन नाली का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पूर्वांचल विकास निधि (जिलांश) से स्वीकृत इस परियोजना की कुल लागत 16.882 लाख रुपये है तथा नाली की स्वीकृत लंबाई 390 मीटर है।
अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि अब तक 250 मीटर ब्रिक वर्क तथा 150 मीटर प्लास्टर एवं आरसीसी ढक्कन ढलाई का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कर आम जनता को योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







