चंदौली। परिवहन विभाग के नाम पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी “RTO वाले भइया जी UP 67” नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी संचालित कर लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन संबंधी कार्य कराने का झांसा देकर रुपये वसूलता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी परिवहन विभाग चंदौली के नाम का दुरुपयोग करते हुए ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन संबंधी दस्तावेज और अन्य परिवहन सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने का दावा करता था। इसी बहाने वह लोगों से ऑनलाइन भुगतान कराकर ठगी करता था।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में फर्जी सोशल मीडिया आईडी के माध्यम से लोगों से धन वसूलने की बात सामने आई है।
क्षेत्राधिकारी (सदर) देवेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और ठगी की कुल रकम कितनी है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि परिवहन विभाग से जुड़े सभी कार्य केवल अधिकृत माध्यमों से ही कराएं और सोशल मीडिया पर संचालित फर्जी आईडी या अनधिकृत व्यक्तियों के झांसे में आकर किसी भी प्रकार का ऑनलाइन भुगतान न करें।








