पांच वाहनों को किया सीज, मची खलबली
चंदौली। जनपद के नवागत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) अभिषेक सिंह ने कार्यभार ग्रहण करते ही सख्त तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पदभार संभालने के कुछ ही समय बाद उन्होंने प्रवर्तन अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। इस अभियान में पांच वाहनों को सीज किए जाने से वाहन संचालकों और परिवहन कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
एआरटीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप बिना वैध दस्तावेज, ओवरलोडिंग, टैक्स बकाया तथा फिटनेस और परमिट संबंधी अनियमितताओं पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान के दौरान वाहनों के दस्तावेजों की गहन जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पांच वाहनों को तत्काल सीज कर दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना परमिट, फिटनेस, बीमा या अन्य आवश्यक अभिलेखों के वाहन संचालन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वाहन स्वामियों से अपील की कि वे अपने सभी दस्तावेज समय पर अपडेट रखें और यातायात नियमों का पालन करें।
अचानक हुई इस कार्रवाई से जिले के वाहन चालकों और परिवहन व्यवसायियों में खलबली मच गई। कई वाहन चालक अपने दस्तावेज दुरुस्त कराने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने में जुट गए। परिवहन विभाग की इस सख्ती को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ऐसे अभियान और तेज होंगे, जिससे सड़क सुरक्षा के साथ-साथ राजस्व बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।







