चंदौली में बाढ़ और अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के बाद प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि निवेश अनुदान राशि वितरित की गई। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जिले के 10,701 किसानों को कुल 4 करोड़ 31 लाख 56 हजार 909 रुपये की सहायता दी गई। यह राशि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को फसल क्षति की भरपाई के लिए उपलब्ध कराई गई है।
प्रशासन के अनुसार, जिले में प्राकृतिक आपदाओं के कारण कुल 1,863.83 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र में फसलें प्रभावित हुई थीं। बाढ़ से नुकसान झेलने वाले चंदौली, चकिया, सकलडीहा और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील क्षेत्रों के 2,389 किसानों को 499.388 हेक्टेयर क्षेत्र में हुई फसल क्षति के लिए 1 करोड़ 8 लाख 28 हजार 796 रुपये का अनुदान दिया गया।
वहीं, अतिवृष्टि से प्रभावित चंदौली, सकलडीहा और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील क्षेत्रों के 8,312 किसानों को 1,364.442 हेक्टेयर कृषि भूमि में हुए नुकसान के एवज में 3 करोड़ 23 लाख 28 हजार 113 रुपये की सहायता राशि दी गई। इस आर्थिक मदद से किसानों को फसल खराब होने के कारण हुए नुकसान की भरपाई करने और खेती से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में राहत मिलने की उम्मीद है।
60 गांव बाढ़ से हुए प्रभावित
वर्ष 2026-27 के दौरान चंदौली जिले के कुल 60 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए थे। प्रशासन की ओर से आपदा प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए कदम उठाए गए। इस दौरान 2,225 प्रभावित व्यक्तियों को राहत उपलब्ध कराई गई, जिसमें 800 भोजन पैकेट और 400 राशन किट वितरित किए गए। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा सहित उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी और राजस्व कर्मचारी मौजूद रहे।





















