धानापुर (चंदौली)। चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के कवलपुरा गांव में रविवार को धान की रोपाई की तैयारी के दौरान एक किसान की आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। किसान खेत में लेव लगा रहे थे, तभी तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और वह उसकी चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसे किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार कवलपुरा गांव निवासी श्याम कुमार सिंह (40) पुत्र स्वर्गीय तेजबहादुर सिंह रविवार सुबह अपने खेत में धान की रोपाई की तैयारी के लिए लेव लगाने का कार्य कर रहे थे। बारिश के बाद खेत तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज गर्जना के बीच आकाशीय बिजली सीधे उनके ऊपर गिर गई। वज्रपात इतना तेज था कि आसपास खेतों में काम कर रहे अन्य किसान भी दहशत में आ गए।
घटना के बाद ग्रामीण और परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और श्याम कुमार सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पत्नी और दो बेटों पर टूटा दुखों का पहाड़
श्याम कुमार सिंह की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। उनकी पत्नी कुमकुम सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। वह अपने पीछे दो पुत्र ऋषभ सिंह और राघवेंद्र प्रताप सिंह को छोड़ गए हैं। पिता की मौत से दोनों बच्चे बेसुध हैं। गांव में भी शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
श्याम कुमार दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई रिंकू सिंह वाराणसी में रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही वह भी गांव के लिए रवाना हो गए।
अस्पताल पहुंचे विधायक, दी सांत्वना
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय भाजपा विधायक सुशील सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि किसान की मौत आकाशीय बिजली गिरने से हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।







