चंदौली। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए चंदौली पुलिस ने एक नई पहल की है। मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत मंगलवार को कोतवाली चंदौली में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारू द्विवेदी की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कोतवाली स्थित मिशन शक्ति केंद्र को मॉडल केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल की गई। इसका उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा संबंधी सुविधाओं से जोड़ना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में आर्यभट्ट पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ एमडी नर्सिंग कॉलेज और अभिषेक नर्सिंग एवं पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट की छात्राओं ने हिस्सा लिया। मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान के प्रतिनिधि देवेंद्र कुमार, अध्यापिकाएं और अभिभावक भी मौजूद रहे। इस दौरान महिलाओं और छात्राओं को महिला सुरक्षा, सशक्तीकरण, साइबर अपराध से बचाव और सरकार की ओर से संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने बताया कि किसी भी परेशानी की स्थिति में मदद लेने के लिए जागरूक रहना और समय पर उचित कदम उठाना बेहद जरूरी है।
संकट में मदद लेने और साइबर अपराध से बचने के बताए तरीके
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली और वहां उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। महिलाओं और बालिकाओं को समझाया गया कि संकट के समय पुलिस से किस तरह संपर्क किया जा सकता है और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए। इसके साथ ही ऑनलाइन ठगी और अन्य साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने छात्राओं को इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर उचित माध्यम से शिकायत करने के लिए प्रेरित किया।
बच्चों को बताया गुड टच और बैड टच का अंतर
कार्यक्रम में छोटे बच्चों को गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाया गया। उन्हें बताया गया कि अगर किसी का व्यवहार असहज महसूस हो या कोई ऐसी हरकत करे जिससे वे डरें, तो चुप रहने के बजाय अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी दें। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में छोटी उम्र से ही सुरक्षा के प्रति समझ विकसित करना और उन्हें अपनी परेशानी खुलकर बताने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वर पांडेय, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश यादव और केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मी मौजूद रहे। चंदौली पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता गतिविधियां जारी रखने की बात कही।





















