टाटा मैजिक में क्रूरतापूर्वक लादकर बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाने का आरोप, वाहन और 310 रुपये नकद बरामद
चंदौली। अलीनगर पुलिस ने रविवार को पचफेड़वा रिंग रोड अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान एक टाटा मैजिक वाहन से चार गोवंश बरामद किए। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बरामद गोवंशों में दो गाय और दो बछिया शामिल हैं। पुलिस ने गोवंशों को ले जाने में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन के साथ 310 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को एयर शो के दौरान शांति व्यवस्था ड्यूटी पर तैनात अलीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वाराणसी की ओर से आ रहे टाटा मैजिक वाहन में गोवंशों को क्रूरतापूर्वक लादकर बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने पचफेड़वा रिंग रोड अंडरपास से करीब 100 मीटर पहले भारतमाला परियोजना के सामने सर्विस रोड पर चेकिंग शुरू कर दी।
पुलिस की घेराबंदी में पकड़े गए दोनों आरोपित
चेकिंग के दौरान वाराणसी की ओर से आ रहे टाटा मैजिक वाहन संख्या BR45GB3166 को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस का आरोप है कि वाहन चालक और उसके साथ बैठा व्यक्ति गाड़ी को पुलिसकर्मियों की ओर तेजी से बढ़ाने लगे। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें चार गोवंश मिले। पुलिस के मुताबिक, गोवंशों को क्रूरतापूर्वक लादकर कथित तौर पर वध के लिए पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। पुलिस ने गोवंशों को बरामद कर वाहन को कब्जे में ले लिया और दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
बिहार के कैमूर जिले के रहने वाले हैं आरोपित
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र के रूईया गांव निवासी दीपक गुप्ता (30) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दीपक टाटा मैजिक वाहन का चालक और स्वामी है। दूसरे आरोपित की पहचान सोनहन थाना क्षेत्र के कछार (बड़का) निवासी पप्पू कुमार यादव (30) के रूप में हुई है।
विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने इस मामले में अलीनगर थाने में मुकदमा संख्या 656/2026 दर्ज किया है। आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/8 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, उपनिरीक्षक राकेश कुमार सिंह, चौकी प्रभारी ताराजीवनपुर योगेंद्रनाथ यादव, कांस्टेबल संतोष कुमार और महिला कांस्टेबल ज्योति शामिल रहीं।





















