लखनऊ के सरोजनीनगर स्थित बंथरा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के गहने और 80 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। परिवार के साथ बाहर गए मकान मालिक को पड़ोसी से फोन पर घर का ताला टूटने की जानकारी मिली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खसरवारा स्थित न्यू ग्रीन सिटी फेस-1 निवासी अर्जुन कुमार मिश्रा पुत्र दीपनारायण मिश्रा के मुताबिक, वह 19 अक्टूबर को परिवार के साथ कानपुर गए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी व उसका लॉकर तोड़ दिया।
अर्जुन ने बताया कि 21 अक्टूबर की सुबह करीब 7:30 बजे पड़ोसी संतोष कुमार त्रिपाठी ने फोन कर मकान का ताला टूटा होने की सूचना दी। घर पहुंचने पर अलमारी और उसका लॉकर टूटा मिला। जांच करने पर उसमें रखी दो सोने की चेन, एक अंगूठी, दो सोने के कंगन, दो चांदी के सिक्के, एक पायल और 80 हजार रुपये की नकदी गायब मिली।
इसके बाद पीड़ित ने बंथरा थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों का सुराग लगाने में जुटी है।





















