चंदौली। पारिवारिक रिश्तों में आई दूरियों को बातचीत और आपसी समझ के जरिए कम किया जा सकता है। इसी सोच के साथ मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत चंदौली पुलिस ने परिवारों को फिर से जोड़ने की पहल की। शुक्रवार को जिले के सभी थानों के मिशन शक्ति केंद्रों और परिवार परामर्श केंद्रों पर सम्मान एवं फीडबैक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पारिवारिक विवादों का आपसी सहमति से समाधान होने के बाद दोबारा साथ रह रहे दंपतियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। साथ ही, काउंसिलिंग के बाद उनके अनुभव भी साझा किए गए।
इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी बलुआ थाना क्षेत्र के रानेपुर गांव पहुंचीं। यहां उन्होंने विवाद सुलझने के बाद फिर से साथ रह रहे दो परिवारों को सम्मानित किया और उनसे बातचीत की। उन्होंने परिवार के सदस्यों को आपसी समझ, धैर्य और संवाद का महत्व बताते हुए कहा कि कई बार बातचीत से रिश्तों में आई कड़वाहट दूर करने का रास्ता निकल सकता है। परिजनों ने पुलिस की पहल की सराहना करते हुए बताया कि परामर्श और समझाइश से उनके परिवारों में फिर से खुशहाली लौटी है।
डॉ. चारु द्विवेदी ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य केवल महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि पारिवारिक सौहार्द बनाए रखने के लिए जरूरी सहयोग उपलब्ध कराना भी है। परिवार परामर्श के माध्यम से विवादों को समझने और आपसी सहमति से समाधान निकालने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने परिवारों को आपसी बातचीत और समझदारी के साथ समस्याओं का हल निकालने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने परिवारों से काउंसिलिंग के बाद उनके अनुभव जाने और इस तरह की पहल के महत्व पर चर्चा की। मौके पर बलुआ थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी जमीलउद्दीन खान, महिला आरक्षी अनामिका, दिव्या सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। मिशन शक्ति के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पारिवारिक विवादों के समाधान के साथ रिश्तों में संवाद और आपसी विश्वास को बढ़ावा देना रहा।





















