चंदौली के चकिया थाना क्षेत्र में बाल विवाह और अन्य सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत चंदौली पुलिस की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी और क्षेत्राधिकारी चकिया अजीत सिंह चौहान के नेतृत्व में हुआ।
कार्यक्रम के दौरान थाना चकिया की मिशन शक्ति टीम ने डीपीओ और मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान की परियोजना समन्वयक शहनाज बानो सहित संबंधित विभागों के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाया। नुक्कड़ नाटक के जरिए सामाजिक कुरीतियों को सामने रखा गया। इसके साथ ही ‘बढ़ते बच्चे’ लघु फिल्म का प्रदर्शन कर बाल विवाह से होने वाले नुकसान, बालिकाओं के अधिकारों और शिक्षा के महत्व की जानकारी दी गई।
अभियान के माध्यम से बच्चों की शिक्षा, सुरक्षित बचपन और बेहतर भविष्य का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि बाल विवाह बच्चों के विकास और उनके अधिकारों को प्रभावित करता है। पुलिस ने लोगों से ऐसी घटनाओं को रोकने में सक्रिय सहयोग करने और बाल विवाह से जुड़ी जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सूचित करने की अपील की।
इस अवसर पर एएचटी प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक चकिया संजय सिंह, मिशन शक्ति टीम के सदस्य और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक भागीदारी पर जोर दिया।





















