चंदौली में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर पुलिस की ओर से मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत शनिवार को जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी के मार्गदर्शन में पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय चकिया द्वितीय और धानापुर क्षेत्र के एनबीएन पब्लिक स्कूल घूरेहू में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान छात्राओं ने देवी स्वरूपों में सजकर नारी शक्ति, महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने जागरूकता बैनर और सुरक्षा संबंधी पंपलेट के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। महिला पुलिसकर्मियों और विद्यालय की अध्यापिकाओं ने छात्राओं तथा स्थानीय महिलाओं को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही किसी भी विपरीत परिस्थिति में चुप रहने के बजाय तत्काल मदद लेने और उपलब्ध सहायता सेवाओं का इस्तेमाल करने की जानकारी दी गई।
महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 शामिल हैं। पुलिसकर्मियों ने बताया कि जरूरत पड़ने पर इन नंबरों के माध्यम से सहायता मांगी जा सकती है। कार्यक्रम में सुरक्षा और अधिकारों से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए।
पुलिस के मुताबिक, मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें अपने अधिकारों की जानकारी देने और किसी भी परेशानी की स्थिति में मदद लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। अभियान के जरिए पुलिस ने महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।





















