अमृत प्रभात, लखनऊ
राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहली बार चीन की चाइना सदर्न एयरलाइन का एक विमान उतरा। यह विमान चीन के गुआंगझोउ से नेपाल की राजधानी काठमांडू जा रहा था, लेकिन खराब मौसम के कारण उसे एहतियातन लखनऊ डायवर्ट किया गया।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी 159 यात्री करीब दो घंटे तक विमान के अंदर ही रहे। इस दौरान यात्रियों को बाहर नहीं निकाला गया और सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया।
चीनी एयरलाइन के विमान के लखनऊ पहुंचने की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। पूरे घटनाक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई और विमान पर लगातार निगरानी बनाए रखी गई।
काठमांडू में मौसम सामान्य होने के बाद विमान को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दी गई। इसके बाद रात करीब 2 बजे विमान लखनऊ से अपने निर्धारित गंतव्य काठमांडू के लिए रवाना हो गया।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, खराब मौसम की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित वैकल्पिक लैंडिंग कराई गई। पूरे ऑपरेशन के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।






