घर में घुसकर परिवार पर हमला; मुकदमा दर्ज न होने का आरोप
मारपीट में युवती समेत कई लोग घायल, पीड़ित ने टांडा कोतवाली पुलिस पर कार्रवाई न करने का लगाया आरोप
अम्बेडकरनगर। टांडा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम देवघट इटाहिया में आम और यूकेलिप्टस (लिप्टस) के पौधों को बकरी से चराए जाने की शिकायत करना एक परिवार को भारी पड़ गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शिकायत के कुछ ही देर बाद विपक्षी पक्ष के कई लोग लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ उनके घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। इस घटना में एक युवती समेत कई लोग घायल हो गए। पीड़ित ने पुलिस पर अब तक मुकदमा दर्ज न करने का आरोप लगाया है।
पीड़ित राजेन्द्र प्रसाद के अनुसार, उन्होंने अपने खेत में आम और यूकेलिप्टस के पौधे लगाए थे। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते विपक्षी पक्ष की एक लड़की ने बकरी से उनके पौधे चरवा दिए। इसकी शिकायत करने पर कथित तौर पर विपक्षी पक्ष ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख राजेन्द्र प्रसाद अपने घर लौट आए।
पीड़ित का आरोप है कि कुछ ही देर बाद श्रवण चौहान, अवधेश, पुष्पा, रूपा, राधेश्याम, दयाराम, किसमती, रवि, जियालाल समेत अन्य लोग लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी जैसे हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंच गए और परिवार पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों को भी पीटा गया। हमले में उनकी पुत्री की नाक पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।
घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। पीड़ित के अनुसार पुलिस के आने की सूचना मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल परिवार के सदस्यों का सरकारी अस्पताल में उपचार कराया गया।
राजेन्द्र प्रसाद का आरोप है कि उन्होंने टांडा कोतवाली में लिखित तहरीर दी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनकी शिकायत पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उनका कहना है कि विपक्षी पक्ष प्रभावशाली है, जिसके कारण पुलिस कार्रवाई करने से बच रही है। वहीं गांव के लोगों में भी आरोपियों के प्रभाव को लेकर भय का माहौल बताया जा रहा है।







