शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका
छात्रों पर कार्रवाई, डीएपी खाद संकट, स्मार्ट मीटर और जनहित के मुद्दों पर राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के निर्देश पर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी ने विभिन्न जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने सड़क पर लेटकर विरोध जताया, केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में दिल्ली में छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई, शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी, किसानों को डीएपी खाद की कमी, स्मार्ट मीटर व्यवस्था से आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ तथा धार्मिक आस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील राम ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भय और दमन का माहौल है। उन्होंने कहा कि छात्र अपने अधिकारों की मांग करते हैं तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं, किसान खाद के लिए परेशान हैं, आम जनता स्मार्ट मीटर के कारण अतिरिक्त आर्थिक बोझ झेल रही है और धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में भी लोगों की भावनाओं की अनदेखी हो रही है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि छात्रों के साथ कथित व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और सरकार को विरोध की आवाज दबाने के बजाय समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने आरोप लगाया कि प्रदेश का किसान डीएपी खाद के लिए परेशान है, युवा शिक्षा और रोजगार को लेकर चिंतित है तथा आम जनता बिजली के बढ़ते बिलों से प्रभावित है। उन्होंने कहा कि सरकार को इन मुद्दों पर गंभीरता से काम करना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि गिरफ्तार छात्रों को रिहा किया जाए, उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं, किसानों को पर्याप्त डीएपी खाद उपलब्ध कराई जाए, स्मार्ट मीटर व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा लोकतांत्रिक अधिकारों और धार्मिक आस्था की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनसमस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस प्रदेशव्यापी जनआंदोलन शुरू करेगी।







