किशोरी की संदिग्ध मौत का मामला: गिरफ्तारी न होने से परिजनों में आक्रोश
अम्बेडकरनगर। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के इल्तिफातगंज में 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। वहीं, एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों में नाराजगी है।
मृतका की मां अनीता देवी के अनुसार, घटना 18 अप्रैल की है। उस समय वह अपने पुत्र के इलाज के सिलसिले में अयोध्या गई हुई थीं। घर पर मौजूद उनकी दो छोटी बेटियां राखी और मधु स्कूल से लौटकर घर पहुंचीं तो उन्होंने मोहल्ले के कुछ युवकों को घर के बाहर खड़ा देखा। पूछने पर युवकों ने उन्हें घर के अंदर जाकर देखने के लिए कहा।
परिजनों के मुताबिक, जब दोनों बहनें घर के भीतर पहुंचीं तो उनकी बड़ी बहन गौरी साड़ी के फंदे से लटकी हुई मिली। परिवार का आरोप है कि घटनास्थल पर कपड़े बिखरे पड़े थे, जिससे उन्हें दुष्कर्म और हत्या की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद इब्राहिमपुर थाने में शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। न्याय न मिलने पर उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। न्यायालय के आदेश के बाद 17 जून को इब्राहिमपुर थाने में कल्लू सोनकर, अर्जुन, अजय समेत पांच लोगों के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई।
परिजनों का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उनका आरोप है कि पुलिस मामले में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रही है। परिवार ने प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से हस्तक्षेप कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की है।
घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए। उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।








