सीएम योगी ने राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नए मुख्यालय का किया लोकार्पण111 मौतों पर जताया दुख, अधिकारियों को अर्ली वार्निंग सिस्टम तत्काल प्रभावी बनाने और बेहतर समन्वय के निर्देश।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (UPSDMA) के नवीन मुख्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के दैनिक जीवन का हिस्सा होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के प्रति पहले से सतर्कता, तैयारी और जागरूकता से जन-धन की हानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि असामान्य परिस्थितियों में थोड़ी सी जागरूकता भी बड़े नुकसान को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने हाल ही में खराब मौसम के कारण एक ही दिन में हुई 111 लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लखनऊ, फतेहपुर, प्रयागराज, जौनपुर और आजमगढ़ सहित कई जिलों में अचानक बदले मौसम के कारण यह जनहानि हुई, जिसे बेहतर समन्वय और समय रहते चेतावनी प्रणाली से कम किया जा सकता था।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अर्ली वार्निंग सिस्टम को तत्काल प्रभाव से पूरी तरह सक्रिय किया जाए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि भविष्य में प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जनहानि को न्यूनतम किया जा सके।
उन्होंने कहा कि आधुनिक संसाधनों, तकनीक और समयबद्ध सूचना तंत्र का प्रभावी उपयोग आपदा प्रबंधन को और अधिक मजबूत बनाएगा।







