अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 26 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए संबंधित विभागों से शीघ्र आख्या प्रस्तुत करने को कहा।
जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अब शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक कार्यदिवस सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने कार्यालय में स्वयं जनसुनवाई करें और प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को त्वरित न्याय और राहत मिल सके।







