खेत में मिला सियार का शव
वन विभाग ने पगचिह्न जांच के लिए भेजे, गांव में दहशत का माहौल
बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के गोवा गांव में गुरुवार को जंगली जानवर के हमले से एक बुजुर्ग, एक किशोरी और तीन मवेशी घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने इलाके में कॉम्बिंग की, जहां खेत में एक सियार का शव मिला। हालांकि, हमला उसी सियार ने किया था या किसी अन्य जंगली जानवर ने, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, गोवा गांव निवासी जमील की 17 वर्षीय बेटी जैनब गांव के बाहर गई थी। इसी दौरान एक जंगली जानवर ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसके दोनों हाथ घायल हो गए। शोर मचाने पर जानवर वहां से भागकर गांव में पहुंच गया। यहां घर के बरामदे में लेटे 75 वर्षीय रामसागर पर हमला कर उनके पैर, हाथ और चेहरे को घायल कर दिया।
इसके बाद जानवर ने घर के बाहर बंधी जीवनलाल यादव और पताली की भैंसों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। वहीं टीकाराम की बछिया को भी काट लिया। ग्रामीणों ने किसी तरह जानवर को खदेड़ा। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूरतगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर फतेहपुर वन क्षेत्राधिकारी मोहम्मद जहीर मिर्जा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कॉम्बिंग के दौरान खेत में एक मृत सियार का शव मिला। ग्रामीणों का अनुमान है कि हमला करने के बाद भागते समय सियार किसी वाहन की चपेट में आ गया होगा।
वन क्षेत्राधिकारी मोहम्मद जहीर मिर्जा ने बताया कि मौके से मिले पगचिह्न जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हमला किस जंगली जानवर ने किया था। फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा है।







