गोरखपुर: वीडियो वायरल
गोरखपुर। सहजनवा तहसील क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय धर्मदास पट्टी में आयोजित पैरेंट-टीचर मीटिंग (पीटीएम) के दौरान प्रधानाध्यापिका और उनके पति पर विद्यालय के एक शिक्षक से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा किया जा रहा है। मामले में दोनों पक्षों ने अलग-अलग दावे किए हैं, जबकि शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित शिक्षक डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि पीटीएम समाप्त होने के बाद वह अभिभावकों के साथ बैठक कर फीडबैक ले रहे थे। इसी दौरान प्रधानाध्यापिका अपने पति के साथ पहुंचीं और कथित तौर पर हेलमेट से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके शरीर पर कई जगह चोटें आईं। शिक्षक का आरोप है कि घटना के दौरान उन्हें फर्जी मुकदमे, विशेषकर एससी/एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी भी दी गई।
शिक्षक ने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय में बच्चों को मिलने वाला दूध और फल नियमित रूप से वितरित नहीं किया जाता तथा सप्ताह में केवल एक बार ही उपलब्ध कराया जाता है। इसके अलावा मिड-डे मील योजना के नाम पर फर्जी भुगतान किए जाने का भी आरोप लगाया है।
घटना के संबंध में शिक्षक ने प्रधानाध्यापिका और उनके पति के खिलाफ स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
वहीं, प्रधानाध्यापिका ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि शिक्षक उनके खिलाफ अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने मारपीट की घटना से इनकार किया है।
इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कुंवर विक्रम पांडेय ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है तथा दोनों पक्षों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







