-ग्रामीणों ने सबसे पहले मंदिर में जाकर की पूजा अर्चना
औरैया। एरवाकटरा विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत फैजुल्लापुर के मजरा कुढ़री में आजादी के 77 वर्ष बाद पहली बार बिजली पहुंचने से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में गांव वालों ने बिजली आते ही गांव में बने मंदिर पर पूजा अर्चना की। लगभग 250 की आबादी वाला यह गांव अब तक सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित था।
शासन व प्रशासन की ओर से प्रदेश के सभी जिलों में घर-घर बिजली मुहैया कराए जाने का दावा कुढ़री गांव में 77 वर्ष बाद फलीभूत हुआ। जहां बिजली पहुंचने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बाहर लगभग 400 मीटर दूर एक निजी नलकूप पर पहले से बिजली कनेक्शन था। बाद में गांव के पश्चिम दिशा में लगभग 50 मीटर की दूरी पर स्थित दूसरे निजी नलकूप तक भी बिजली पहुंचने से गांव में विद्युत लाइन बिछाने का रास्ता आसान हो गया। विद्युत विभाग ने लगभग दो माह पूर्व समायन फीडर से गांव तक लगभग छह विद्युत पोल स्थापित कर घरों तक बिजली लाइन बिछाई। साथ ही 63 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर भी लगाया। शनिवार शाम पहली बार गांव में बिजली आपूर्ति शुरू होते ही ग्रामीण एक स्थान पर एकत्र हो गए। जैसे ही घरों में पहली बार बल्ब जले, पूरे गांव में खुशी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को बधाई देकर वर्षों पुराने इंतजार के समाप्त होने पर खुशी जाहिर की।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में अब भी सड़क सहित कई अन्य मूलभूत सुविधाओं की जरूरत है। उनका मानना है कि बिजली आने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्यों और किसानों के दैनिक कार्यों में काफी सुविधा मिलेगी। गांव वालों ने बीजेपी सरकार पर भरोसा जताते हुए कहा कि बीजेपी सरकार में गांव में बिजली सुविधा मिली। हम लोगों को पूर्ण विश्वास है कि हमारे गांव के लिए सड़क निर्माण भी कराया जाएगा
इस अवसर पर मोहित कुशवाह, आनंद प्रिय, रवि, सुनील, आनंद सिंह, विक्रम सिंह, सुरेंद्र, छोटू, शिवम, रमेश फौजी, सुरजीत, कुंदन, सुखवीर, महेश, राजवीर, लज्जावती, राजेश्वरी, रेशमा, सोनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।







