निचलौल तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस, 165 शिकायतों में 25 का मौके पर निस्तारण
महराजगंज। तहसील निचलौल सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान कुल 165 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 25 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का प्रतिशत न्यूनतम 75 प्रतिशत तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने तहसीलदार निचलौल को धारा 24 एवं धारा 116 के मामलों में न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम सोनबरसा के धारा 30(2) के एक प्रकरण में लेखपाल और कानूनगो द्वारा रिपोर्ट प्रस्तुत करने में देरी पर नाराजगी जताते हुए दोनों से स्पष्टीकरण लेकर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।
महराजगंज-ठूठीबारी मार्ग से संबंधित शिकायतों पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग) के अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बिजली विभाग और चकबंदी विभाग के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों एवं उनके समयबद्ध निस्तारण में लापरवाही पर संबंधित अधीक्षण अभियंताओं से भी स्पष्टीकरण मांगा गया।
डीएम ने विभिन्न राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि न्यायालयों के आदेशों का कानूनगो और लेखपाल समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि आदेशों के पालन में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी सुर्वे निरंजन राजेंद्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार चौधरी, तहसीलदार निचलौल अमित कुमार सिंह, परियोजना निदेशक राम दरश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







