लोअर मशीन से होगी सटीक पैमाइश।
तहसील अलीगंज में एसडीएम ने किया प्रदर्शन, अधिकारियों को दी कार्यप्रणाली की जानकारी
एटा।अलीगंज तहसील प्रशासन ने भूमि संबंधी विवादों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नई तकनीक आधारित लोअर मशीन का प्रदर्शन किया। तहसील परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मशीन की कार्यप्रणाली से अवगत कराया और इसके उपयोग की विस्तृत जानकारी दी।एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने बताया कि तहसील क्षेत्र के अधिकांश गांवों में भूमि की पैमाइश को लेकर विवाद सामने आते रहते हैं। पारंपरिक तरीकों की अपेक्षा यह आधुनिक मशीन अधिक सटीक, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पैमाइश करने में सक्षम है। इससे जमीन की वास्तविक स्थिति का सही आकलन किया जा सकेगा और अनावश्यक विवादों में कमी आएगी। उन्होंने बताया कि मशीन के माध्यम से भूमि का पूरा डाटा डिजिटल रूप से तैयार किया जाएगा। सभी आवश्यक अभिलेख उपलब्ध होने के बाद राजस्व विभाग को भूमि संबंधी मामलों के निस्तारण में काफी सुविधा मिलेगी। इससे पैमाइश की प्रक्रिया तेज होगी और शिकायतों का समाधान भी समयबद्ध ढंग से किया जा सकेगा। एसडीएम ने इसे प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण और क्रांतिकारी पहल बताते हुए कहा कि इसकी शुरुआत प्रदेश स्तर पर की जा रही है। इसी क्रम में तहसील स्तर पर इसका प्रदर्शन कर अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आम लोगों को नई व्यवस्था से परिचित कराया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से भूमि संबंधी विवादों के समाधान में पारदर्शिता बढ़ेगी, प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और ग्रामीणों को समय पर न्याय मिल सकेगा।








