एटा। अलीगंज कोतवाली क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में किसान की मौत हो गई। कायमगंज रोड पर बर्मा पेट्रोल पंप के पास टेंपो के सामने अचानक सांड आ जाने से चालक ने ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रही बाइक टेंपो से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज में मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, सुरेश सिंह (38) पुत्र अमर सिंह निवासी ग्राम कुकराया रतनपुर, थाना जैथरा, अपनी बाइक से कायमगंज से एटा की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 12:30 बजे बर्मा पेट्रोल पंप के आगे चल रहे टेंपो के सामने अचानक एक सांड आ गया। चालक ने वाहन रोकने के लिए तेज ब्रेक लगाए, जिससे पीछे चल रही सुरेश सिंह की बाइक टेंपो से जा टकराई।
सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सुरेश सिंह को तत्काल सीएचसी अलीगंज पहुंचाया। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि घायल की हालत बेहद गंभीर थी। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मृतक की पत्नी संतो ने बताया कि सुरेश सिंह घर से खेत जाने की बात कहकर निकले थे। बाद में उन्होंने फोन कर बताया था कि वह अलीगंज में हैं और जल्द घर लौटेंगे, लेकिन कुछ देर बाद उनके सड़क हादसे में मौत की सूचना मिली।
सुरेश सिंह अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। बड़ा बेटा विक्रम (20) प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है, जबकि छोटा बेटा यश (12) जैथरा के एक विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।
घटना की सूचना पर विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह राठौर और सूरज सिंह राठौर भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।







